रायगढ़ के जंगलों में दावानल की शुरुआत:परेवा पहाड़ में लगी आग, वन विभाग काबू पाने में जुटा

रायगढ़ के जंगलों में दावानल की शुरुआत:परेवा पहाड़ में लगी आग, वन विभाग काबू पाने में जुटा

रायगढ़ घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही यहां जंगलों में दावानल की घटनाएं सामने आने लगी हैं। शनिवार को खरसिया रेंज के परेवा पहाड़ क्षेत्र में दूर से आग की लपटें देखी गईं। बताया जा रहा है कि आग काफी बड़े क्षेत्र में फैल गई थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद जब लोग कुनकुनी ओवरब्रिज के पास से गुजर रहे थे, तब उन्होंने परेवा पहाड़ क्षेत्र के जंगल में आग लगी देखी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि खरसिया सर्किल के बसनाझर बीट के 1192 आरएफ क्षेत्र में दावानल की घटना हुई थी। वनकर्मियों की ओर से ब्लोअर मशीन की मदद से फायर लाइन काटकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही थी। 17 फरवरी को भी सामने आई थी घटना जानकारी के अनुसार इससे पहले 17 फरवरी को भी खरसिया रेंज में दावानल की घटना देखी गई थी। लगातार दूसरी घटना से वन विभाग सतर्क हो गया है। गर्मी बढ़ने से पहले ही बढ़ी चिंता गर्मी के इस सीजन में जंगल में आग लगने की पहली बड़ी घटना खरसिया रेंज से सामने आई है। अभी तेज गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, इसके बावजूद जंगलों में आग लगना चिंता का विषय बन गया है। पिछले वर्ष रायगढ़ और तमनार रेंज में भी व्यापक स्तर पर दावानल की घटनाएं हुई थीं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी इस संबंध में खरसिया सर्किल प्रभारी विजय दीक्षित ने बताया कि आग लगने की सूचना दोपहर में मिली थी, जिसके बाद तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अभी अत्यधिक गर्मी नहीं होने के कारण आग तेजी से नहीं फैल रही है। वन विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *