शामलाजी. नेशनल हाईवे 48 पर स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने अरवल्ली जिले में शामलाजी के पास कारछा गांव के निकट लकड़ी के भूसे की आड़ में छिपाई गई ₹1.10 करोड़ कीमत की विदेशी शराब की 27,840 बोतलों से भरा ट्रक और एक आरोपी को पकड़ा।
एसएमसी की टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान की ओर से एक ट्रक बड़ी मात्रा में विदेशी शराब भरकर गुजरात में प्रवेश करने वाला है। इस सूचना के आधार पर एसएमसी की अलग-अलग टीमों ने हाईवे और होटलों पर नजर रखी।
इसी दौरान रतनपुर चेकपोस्ट पार कर कारछा के पास पहुंचे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर लकड़ी के भूसे के बोरे भरे हुए थे, इनके नीचे विदेशी शराब और बीयर के टिन का भारी जखीरा छिपाया गया था।
अहमदाबाद के बुटलेगर को देनी थी डिलीवरी
पुलिस ने ट्रक चालक राजस्थान के झालावाड़ निवासी राकेश बंजारा को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि राजस्थान के बूटलेगर राजू मारवाड़ी ने यह माल भरवाया था और इसे अहमदाबाद के एक अज्ञात बुटलेगर को डिलीवरी देनी थी। यह शराब पंजाब की कंपनियों में बनाई गई। टीम ने शराब, ट्रक, मोबाइल और नकदी सहित कुल ₹1.40 करोड़ से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया।
इस संबंध में राजू मारवाड़ी, ट्रक मालिक और अहमदाबाद के बुटलेगर के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अरवल्ली जिला एलसीबी को जांच सौंपी गई है।


