14 साल की उम्र में जबरन कराई शादी, ससुराल में हुआ शारीरिक शोषण, परेशान लड़की ने दी जान

14 साल की उम्र में जबरन कराई शादी, ससुराल में हुआ शारीरिक शोषण, परेशान लड़की ने दी जान

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल की मासूम लड़की ने बाल विवाह की प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी जान दे दी। लड़की की चार महीने पहले ही जबरन शादी कराई गई थी। शादी के बाद ससुराल में लड़की को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा डिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और वर्तमान समय में भी जारी बाल विवाह जैसी कुप्रथा की गंभीरता को उजागर किया है।

19 साल के लड़के से चार महीने पहले हुई शादी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोलापुर जिले के मंगलवेढा तहसील के बावची और निम्बोनी क्षेत्रों की है। मृतका लड़की की शादी चार महीने पहले एक 19 वर्षीय युवक से कर दी गई थी। शादी के बाद लड़की को घर की जिम्मेदारियों में झोंक दिया गया और उस पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ता गया। कम उम्र में विवाह और जिम्मेदारियों का बोझ उसके लिए असहनीय साबित हुआ। मंगलवेढा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय बोरिगिड्डे ने बताया कि लड़की को न सिर्फ घरेलू कामों का दबाव झेलना पड़ा, बल्कि उसे शारीरिक और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया।

पति ने किया शारीरिक शोषण

पुलिस निरीक्षक ने आगे कहा कि लड़की नाबालिग थी और उसे कई तरह के घरेलू काम करने के लिए मजबूर किया गया। कम उम्र होने के कारण वह इस दबाव को सहन नहीं कर सकी। उसके पति ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसे उकसाया। लगातार हो रहे उत्पीड़न के कारण उसने आत्महत्या कर ली। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इनमें पति और ससुर शामिल हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *