Dalai Lama Grammy Award 2026: दुनिया को शांति, करुणा और अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाले तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने अब संगीत और कला की दुनिया के सबसे बड़े मंच पर अपनी जीत का परचम लहराया है। लॉस एंजेलिस में आयोजित 68वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कार (68th Grammy Awards) समारोह में दलाई लामा ने अपना पहला अवॉर्ड जीता है। चलिए जानते हैं आखिर किस एल्बम और कैटेगरी में उन्हें ये अवॉर्ड दिया गया है।
दलाई लामा को किस कैटेगरी में मिला ग्रैमी अवॉर्ड? (Dalai Lama Grammy Award)
90 साल के दलाई लामा को ये अवॉर्ड ‘बेस्ट ऑडियो बुक, नैरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग’ की कैटेगरी में दिया गया है। उनके इस एल्बम में मेडिटेशन की गहरी बारीकियों और जीवन के लिए उनके अनुभवों को शेयर किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस जीत के साथ ही वो फेमस फिल्म निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग और के-पॉप सितारों की उस लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इस साल पहली बार ग्रैमी अपने नाम किया है।
किस एल्बम के लिए मिला अवॉर्ड? (Dalai Lama Grammy Award 2026)
बता दें तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को उनके स्पोकन वर्ड एल्बम ‘मेडिटेशन्स द रिफ्लेक्शन्स ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए पहला ग्रैमी अवार्ड मिला है। इस एल्बम में दलाई लामा ने सरोद के दिग्गज उस्ताद अमजद अली खान और उनके बेटे अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के साथ काम किया है। ,साथ ही कबीर सहगल ने भी अपना योगदान दिया है। ये एल्बम बोले गए विचारों और मधुर संगीत के जरिए शांति, करुणा और आशा के संदेश को श्रोताओं तक पहुंचाती है।
10 ट्रैक्स के साथ रिलीज की गई एल्बम
इस एल्बम को 10 अलग-अलग पार्ट्स में रिलीज किया गया। दलाई लामा के विचारों को अमजद अली खान, कबीर सहगल, और अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के म्यूजिक के साथ मिक्स करके रिलीज किया गया। इन ट्रैक्स के नाम कुछ इस तरह है- हार्ट, वननेस, काइंडनेस, हार्मनी, वॉटर, माइंड, हेल्थ, पीस, एसेंस और जर्नी।
इसमें गीत नहीं बल्कि समाज को देने वाले अहम और जरूरी ऑडियो मैसेज शामिल है। एल्बम का मूल उद्देश्य सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों जैसे शांति, करुणा, एकता, दया और मानवीय एकात्मता को सुनने वालों तक पहुंचाना है। ये संगीत और शब्दों को इस तरह से मिलाता है कि श्रोता को मन की शांति और सूक्ष्म चिंतन का अनुभव हो।


