देश को Femina Miss India जैसे बड़े मंच ने सुष्मिता सेन, ऐश्वर्या राय बच्चन और प्रियंका चोपड़ा जैसी विश्वस्तरीय हस्तियां दी हैं। अब पहली बार इसका स्टेट ग्रैंड फिनाले मध्यप्रदेश के भोपाल में होने जा रहा है। वर्ष 2026 में Madhya Pradesh में आयोजित होने वाला यह आयोजन सिर्फ सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि “सस्टेनेबिलिटी-फर्स्ट, जीरो-वेस्ट इवेंट” की थीम पर आधारित एक सामाजिक संदेश भी होगा। भोपाल में होने वाले इस भव्य आयोजन में पूरे प्रदेश से चुनी गई 16 प्रतिभागी ताज के लिए मुकाबला करेंगी और विजेता राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। पहली बार मध्यप्रदेश में स्टेट ग्रैंड फिनाले फेमिना मिस इंडिया की 60 वर्षों से अधिक पुरानी विरासत रही है। इस मंच ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली कई हस्तियां दी हैं। वर्ष 2026 में पहली बार इसका स्टेट ग्रैंड फिनाले मध्यप्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। फेमिना की सिटी डायरेक्टर अपेक्षा डबराल ने बताया कि अब राज्यों को अधिकार दिया गया है कि वे स्टेट लेवल प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता को स्टेट क्राउन प्रदान कर सकें। पहले यह व्यवस्था नहीं थी। स्टेट से चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर जीतने के बाद ही क्राउन मिलता था। 150 प्रतिभागियों में से 16 फाइनलिस्ट इस प्रतियोगिता में पूरे मध्यप्रदेश से लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न राउंड और स्क्रीनिंग के बाद ग्रैंड फिनाले के लिए 16 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। ग्रैंड फिनाले में विजेता को स्टेट लेवल क्राउन दिया जाएगा। इसके बाद करीब डेढ़ महीने बाद वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अन्य राज्यों की विजेताओं के साथ मुकाबला करेंगी और मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। “सस्टेनेबिलिटी-फर्स्ट” थीम पर आयोजन इस बार आयोजन की सबसे खास बात इसका कॉन्सेप्ट है। यह कार्यक्रम “Sustainability-First, Zero-Waste Event” की थीम पर आधारित होगा। आयोजन में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पहल को जोड़ा जाएगा। स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प को “इको पार्टनर” के रूप में शामिल किया जाएगा। मंच सज्जा, उपहार, डेकोर और अन्य सामग्री स्थानीय और पर्यावरण-अनुकूल स्रोतों से ली जाएगी। इससे “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की भावना को बढ़ावा मिलेगा। भोपाल की विरासत से जुड़ता आयोजन इस भव्य आयोजन का संचालन ब्राइट स्टेज द्वारा किया जा रहा है, जिसकी फाउंडर डायरेक्टर निखिला गुप्ता हैं। संस्था लंबे समय से सफल और बड़े आयोजनों के लिए जानी जाती है। यह कार्यक्रम भोपाल की ऐतिहासिक विरासत से भी जुड़ता है। रानी कमलापति और भोपाल की प्रगतिशील बेगमों की परंपरा को ध्यान में रखते हुए इसे सांस्कृतिक गौरव से जोड़ा गया है। आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ एक ब्यूटी पेजेंट नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पहचान का उत्सव है।


