ललितपुर में खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक:चाय कुल्हड़-कांच के गिलास में देने, मिलावट रोकने पर जोर

ललितपुर में खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक:चाय कुल्हड़-कांच के गिलास में देने, मिलावट रोकने पर जोर

ललितपुर में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंकुर श्रीवास्तव ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य-प्प् ने विभाग के चालू वित्तीय वर्ष के कार्यों की जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के साथ करने तथा मिलावट के स्रोत पर कार्रवाई के निर्देश दिए। समिति सदस्य मनीष सडैया ने सुझाव दिया कि चाय की दुकानों पर चाय कुल्हड़ या कांच के गिलास में देने के लिए दुकानदारों को जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदारों को पम्पलेट या स्टीकर के माध्यम से यह बताना चाहिए कि कागज या प्लास्टिक के कप में चाय पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। जिला पूर्ति अधिकारी ने सुझाव दिया कि ब्रांडेड पानी की बोतलों से मिलते-जुलते नाम वाली बोतलों की गहन जांच की जाए। उन्होंने ऐसे उत्पादों के नमूने संग्रहित कर पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मिड-डे-मील की गुणवत्ता सुधारने के लिए हर महीने कम से कम 10 नमूने संग्रहित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि नमूना संग्रहण के समय शिक्षा विभाग का प्रतिनिधि भी साथ रहना चाहिए। शासकीय अधिवक्ता ने पानी पूरी में इस्तेमाल होने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच करने की बात कही। उन्होंने दूध के उत्पादन का आकलन कर मिलावट वाले स्थानों को चिह्नित कर प्रवर्तन कार्रवाई करने का भी सुझाव दिया। अपर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी के सहयोग से सभी आवासीय विद्यालयों को ‘ईट राइट स्कूल’ के तहत प्रमाणित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी संस्थानों में चलने वाली कैंटीनों को भी ‘ईट राइट कैंपस’ के तहत प्रमाणित कराने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *