सिरसा में एलपीजी की कमी के चलते खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने आज वीरवार को शहर में कई छापामारी की। विभाग की टीमें अलग-अलग जगह पर छापेमारी करने पहुंची। इस दौरान छह दुकानों पर कर्मिशियल की जगह घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हुए पाए गए। विभाग की टीम ने इन घरेलू सिलेंडर को कब्जे में लिया। इसे लेकर विभाग की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल न करने को कहा है। साथ ही दुकानों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दी है। विभाग के अनुसार, इन दुकानों में ज्यादा मिठाई की दुकानें शामिल है और होटल भी शामिल है। घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर्मशियल में करने से आमजन को सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो रही है। इसे देखते हुए विभाग ने ये कार्रवाई की है। दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत उपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सेंटर वाइज नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है, जो इन गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। इन सेंटर पर इनको नियुक्त किया
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सिरसा, डिंग, सूचान, मल्लेकां, नाथुसरी चोपटा क्षेत्रों के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार कालांवाली, औढ़ां और रोड़ी क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी संदीप कुमार, रानियां, ऐलनाबाद, बड़ागुढ़ा, जीवननगर व डबवाली क्षेत्रों के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी जगपाल को जिम्मेदारी सौंपी है। सभी अधिकारी अपने-अपने एरिया में करेंगे निगरानी : डीएफएसी
सिरसा से जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, सिरसा में आज कई जगह टीमों ने छापेमारी की है और कार्रवाई करते हुए सिलेंडर कब्जे में लिए हैं। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी रखें और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करें।


