अमृतसर| मशहूर लोकगीतकार, विचारक और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) के पंजाबी स्टडीज स्कूल के पूर्व हेड डॉ. रणजीत सिंह बाजवा का निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे। जीएनडीयू के वीसी प्रो. करमजीत सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. मनजिंदर सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि डॉ. बाजवा ने लोकगीत के क्षेत्र को वैज्ञानिक और दार्शनिक पहचान दिलाई। 1986 में यूनिवर्सिटी से जुड़ने वाले डॉ. बाजवा ने न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध पत्र पढ़े, बल्कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के वाइस चेयरमैन के रूप में भी सेवाएं दीं। उनकी पुस्तक ‘सेमियोटिक्स ऑफ फिल्म्स एंड फैंटेसीज’ उनकी विद्वता का प्रमाण है। उनके जाने से पंजाबी मातृभाषा और लोक संस्कृति को अपूरणीय क्षति हुई है।


