लखनऊ में बना फ्लड पम्पिंग स्टेशन:LDA की 7.5 करोड़ की परियोजना से जलभराव से राहत; लाइब्रेरी होगी अपग्रेड

लखनऊ में बना फ्लड पम्पिंग स्टेशन:LDA की 7.5 करोड़ की परियोजना से जलभराव से राहत; लाइब्रेरी होगी अपग्रेड

लखनऊ के गोमती नगर विस्तार के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। बरसात में हर साल जलभराव की समस्या से जूझने वाले क्षेत्र में अब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फ्लड पम्पिंग स्टेशन चालू होने जा रहा है। 400 किलोलीटर क्षमता वाले इस आधुनिक पम्पिंग स्टेशन से सेक्टर-4 समेत आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान पानी निकासी की समस्या काफी हद तक कम होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया और मशीनों की टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि बरसात के मौसम में स्टेशन का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके और लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। सेक्टर-4 में जी-20 रोड के पास स्थापित एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के निकट इस फ्लड पम्पिंग स्टेशन की स्थापना की गई है। स्टेशन की कुल क्षमता 400 किलोलीटर है। इसे तैयार करने में करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत आई है। स्टेशन में कुल छह पम्प लगाए गए हैं। प्रत्येक पम्प 60 एचपी क्षमता का है और एक पम्प प्रति मिनट लगभग 13,000 लीटर पानी बाहर निकालने में सक्षम है। ऐसे में तेज बारिश की स्थिति में भी बड़ी मात्रा में जमा पानी को तेजी से निकाला जा सकेगा। पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से वर्षा जल को सीधे गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के चालू होने से सेक्टर-4 और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की पुरानी समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों को हर साल बारिश में सड़कों और कॉलोनियों में भरने वाले पानी से जूझना पड़ता था, जिससे आवागमन और दैनिक जीवन प्रभावित होता था। अन्य स्थानों पर भी बने पम्पिंग स्टेशन एलडीए ने शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी इसी क्षमता के फ्लड पम्पिंग स्टेशन स्थापित किए हैं। जनेश्वर मिश्र पार्क, कैटिल कॉलोनी गऊ घाट और बसंतकुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास भी 400 केएल क्षमता के तीन पम्पिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करना और शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना है।
रघुकुल पार्क के ठेकेदार पर कार्रवाई निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 स्थित सेंट्रल पार्क का भी जायजा लिया। यहां स्थापित ओपन जिम के उपकरण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 15 दिन के भीतर नए और मानक अनुरूप उपकरण लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-4 स्थित रघुकुल पार्क का निरीक्षण किया। पार्क में हॉर्टीकल्चर कार्य संतोषजनक नहीं मिला और झूले भी क्षतिग्रस्त पाए गए। इस लापरवाही पर उपाध्यक्ष ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्कों की देखरेख में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विपुल खंड-3 की लाइब्रेरी होगी अपग्रेड गोमती नगर के विपुल खंड-3 में निर्मित लाइब्रेरी को भी अपग्रेड करने की तैयारी है। वर्तमान में इस लाइब्रेरी का संचालन भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने लाइब्रेरी की सुविधाओं को उच्चीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि पाठकों को बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ और मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *