Flight Ticket Price: फ्लाइट से ट्रैवल करना होने वाला है महंगा, Air India ने लगाया एक्स्ट्रा चार्ज, यात्रियों की जेब पर फटका

Flight Ticket Price: फ्लाइट से ट्रैवल करना होने वाला है महंगा, Air India ने लगाया एक्स्ट्रा चार्ज, यात्रियों की जेब पर फटका

पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान अमेरिका युद्ध का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर पड़ने जा रहा है। युद्ध के बाद से ही लगातार कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद से ही ईंधन की कीमतों में वृद्धि हो रही है। इसके चलते अब एयर इंडिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इसकी जानकारी दी है। मार्च 2026 की शुरुआत से ही आपूर्ति में रुकावटों के कारण विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत बढ़ गई है और यात्रियों को अब अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

एयर इंडिया ने कहा कि यह अतिरिक्त चार्ज घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों हवाई यात्राओं पर लागू होगा। इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस के मार्गों पर चलने वाली उड़ानों पर भी यह लागू होगा।

अहम सवाल

इस मुल्य वृद्धि का असर 12 मार्च से शुरू होगा लेकिन कई ऐसे यात्री है, जिन्होंने पहले ही अपनी बुकिंग कर ली थी। उनके लिए एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि नए सरचार्ज पहले के टिकट पर नहीं लगाए जाएंगे, लेकिन यदि किसी कारणवश यात्री अपनी यात्रा की तारीख में बदलाव करता है तो किराए की पुनर्गणना की जाएगी।

एयरलाइन पर क्यों बढ़ा दबाव

10 मार्च को जारी प्रेस रिलीज में एयर इंडिया ने बताया है कि मार्च 2026 की शुरुआत से, एटीएफ में काफी वृद्धि हुई है। एटीएफ एयरलाइन की परिचालन लागत का लगभग 40 फीसदी हिस्सा होता है, इसमें हुई वृद्धि और आपूर्ति में रुकावटों के कारण कीमतों में बढ़ोतरी की जाएगी।

भारत में एयरलाइंस पर खर्च का दबाव इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में एटीएफ पर टैक्स काफी अधिक है। इससे एयरलाइंस का खर्च बढ़ जाता है और उनके लिए कारोबार चलाना महंगा पड़ता है।

कितना रहेगा अधिकतम भुगतान

एयर इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह मूल्य वृद्धि कई चरणों में लागू की जाएगी।

  • पहला चरण

मूल्य वृद्धि का यह चरण 12 मार्च 2026 से लागू होगा। इसमें सार्क देशों की यात्रा पर अब 399 रुपये का अधिभार लगेगा। मध्यपूर्व की यात्रा पर यात्रियों को अब अतिरिक्त 10 डॉलर का शुल्क देना पडेगा। दक्षिण पूर्व की यात्रा पर मूल्य बढ़कर कुल 60 डॉलर हो जाएगा। वहीं अफ्रिका की यात्रा का शुल्क बढ़कर 90 डॉलर हो जाएगा।

  • दूसरा चरण

18 मार्च से शुरू होने वाले इस चरण में यूरोप की यात्रा के लिए 100 डॉलर के बजाय 125 डॉलर का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। ऑस्ट्रेलिया और उत्तरी अमेरिका जाने वाले यात्रियों को 150 डॉलर के मुकाबले 200 डॉलर का अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे सुदूर पूर्व की यात्रा के लिए की जाने वाली शुल्क वृद्धि की घोषणा बाद में की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *