बलिया के विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का सीडीओ ओजस्वी राज ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कक्ष संख्या 16 (DDO कार्यालय) में अलमारियों पर पत्रावलियों का विवरण अंकित न होने पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की गई। सीडीओ ने संबंधित कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। निरीक्षण में DSWO, DDWO, DPRO और कृषि रक्षा सहित अधिकांश कार्यालयों (कक्ष सं. 9, 10, 12, 14, 15, 19) की अलमारियों पर विवरण वाली स्लिप गायब मिली। सीडीओ ने तत्काल स्लिप लगाने और रजिस्टर ऑफ फाइल बनाने के निर्देश दिए। स्टोर रूम (CVO एवं DRDA) के लिए निर्देश दिए गए कि केवल काम की फाइलें रखी जाएं, अनुपयोगी फाइलों को हटाया जाए और सामान की सूची गेट पर चस्पा की जाए। DESTO कंप्यूटर रूम में फाइलों को व्यवस्थित करने और पर्याप्त कंप्यूटरों की मांग भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कक्ष संख्या 4 के पटल सहायकों को अपनी मेज पर नाम लिखने को कहा गया। कक्ष संख्या 9, 19, 20 और स्टोर रूम में प्रकाश की कमी को दूर करने के निर्देश दिए गए, जबकि कक्ष संख्या 8 (AE MI) में पर्दे लगाने को कहा गया। कक्ष संख्या 5 (DRDA हॉल) में वर्षवार और विधानसभावार फाइलें व्यवस्थित करने तथा पुरानी अलमारियों व फाइलों की नीलामी करने का आदेश दिया गया। विकास भवन और मनरेगा कार्यालय की लॉबी को बंद करके उस खाली जगह का कार्यालयी उपयोग करने का निर्देश दिया गया। छत पर लगे सोलर पैनलों की सफाई सुनिश्चित करने और वाटर टैंक का ऑटो-कट सिस्टम खराब होने पर उसे तुरंत ठीक कराने को कहा गया। मुख्य गेट पर नोटिस बोर्ड लगाने, NRLM गेट पर बोर्ड लगवाने और DC चैंबर में विभागीय लोगो स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सभी पटल सहायक अपनी फाइलों का विवरण अपडेट रखें ताकि किसी भी फाइल को खोजने में समय नष्ट न हो और सरकारी कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।


