पॉश कॉलोनी आनंद नगर में दहशत, फायरिंग से पहले शराबखोरी; दो आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर। शहर में रंगबाजी और गुंडागर्दी का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात आनंद नगर कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पांच बदमाशों ने एक गेस्ट हाउस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। गाली-गलौज से मना करने पर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन बदमाश अभी फरार हैं।
आनंद नगर स्थित एचआरजी गेस्ट हाउस मोनू धाकड़ का है। शनिवार रात गेस्ट हाउस के सामने दो युवक गालियां दे रहे थे। कर्मचारियों द्वारा अभद्रता से मना करने पर दोनों युवक नाराज हो गए और विवाद कर धमकी देकर चले गए।
आधी रात को लौटे पांच बदमाश, पांच राउंड फायर
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12 बजे दो बाइकों से पांच बदमाश गेस्ट हाउस पहुंचे। बदमाशों ने गेट के सामने रुकते ही फायरिंग शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बदमाश बाइक पर बैठे-बैठे चार गोलियां चलाता है, जबकि दूसरा बाइक से उतरकर फायर करता है। करीब एक मिनट में पूरी कॉलोनी दहल उठी और बदमाश मौके से फरार हो गए।
फोन-पे से शराब खरीदी, पेमेंट बना सुराग
फायरिंग से पहले बदमाशों ने गेस्ट हाउस के पास स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी थी। भुगतान फोन-पे के जरिए किया गया। पुलिस ने पेमेंट डिटेल खंगाली तो बदमाशों का सुराग मिल गया।
रविवार रात तक पुलिस ने शिवम शर्मा, निवासी भिंड दिनेश सिंह, निवासी विनय नगर को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


