देवरिया में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अपने जनपद आगमन के दौरान प्रोटोकॉल का पालन न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। उनके निजी सचिव अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव ने इस संबंध में जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को पत्र भेजा है, जिसमें संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि 2 फरवरी को मंत्री का सुबह 10:30 बजे देवरिया जनपद में आगमन हुआ था। हालांकि, गोरखपुर-देवरिया सीमा पर उन्हें न तो स्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराया गया और न ही सर्किट हाउस पर कोई लाइजन अधिकारी मौजूद था। प्रोटोकॉल व्यवस्था न होने के कारण मंत्री को अपने निर्धारित कार्यक्रमों और जनसुनवाई में पहुंचने में असुविधा का सामना करना पड़ा। निजी सचिव ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता बताते हुए दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर कार्यालय को सूचित करने को कहा है। डॉ. संजय निषाद ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्कॉर्ट वाहन न मिलने के कारण उन्हें शहर में काफी देर तक भटकना पड़ा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने में विलंब हुआ और उनके कार्य प्रभावित हुए। पत्र में भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का भी उल्लेख है। इस संबंध में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है, लेकिन शासनादेश के अनुसार मंत्री को पूर्ण प्रोटोकॉल उपलब्ध कराया जाएगा। इस घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।


