T20 वर्ल्डकप के सुपर 8 की पहली टीम कन्फर्म, मार्करम की तूफानी पारी ने साउथ अफ्रिका का कटाया टिकट

T20 वर्ल्डकप के सुपर 8 की पहली टीम कन्फर्म, मार्करम की तूफानी पारी ने साउथ अफ्रिका का कटाया टिकट

T20 World Cup 2026, South Africa vs New Zealand: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 की पहली टीम कंफर्म हो चुकी है। साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर अगले दौर में जगह बना ली है। आपको बता दें कि यह वही टीम है, जो 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम से बेहद करीबी मैच में हार गई थी।

इस मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। 176 रन के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 18वें ओवर में ही 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस दौरान एडन मार्करम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 86 रनों की शानदार पारी खेली।

कीवी टीम की शुरुआत खराब

इससे पहले साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम सेफर्ट 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि रचिन रवींद्र भी सिर्फ 13 रन ही बना सके। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स भी महज 1 रन बनाकर आउट हो गए।

फिन एलन ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि डैरिल मिचेल ने 26 गेंदों में 48 और ब्रैसवेल ने 24 गेंदों में 32 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। मिचेल सैंटनर 10 गेंदों का सामना करने के बावजूद सिर्फ 4 रन ही बना सके। अंत में जेम्स नीशम ने 15 गेंदों में 30 रन ठोककर न्यूजीलैंड को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।

साउथ अफ्रीका ने मचाया गदर

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत धमाकेदार रही। पहले पांच ओवरों में टीम 60 रन के पार पहुंच गई। क्विंटन डिकॉक लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 14 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 20 रनों की पारी खेली।

10 ओवर में 119 रन बनाने वाली साउथ अफ्रीकी टीम को बचे हुए 76 रन बनाने में 43 गेंद लग गए। 10 ओवर के बाद साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने संभलकर खेलना शुरू किया। एडेन मार्करम ने अपना अर्धशतक पूरा किया और जिस अंदाज में वो खेल रहे थे, ऐसा लगा कि मैच 15 ओवर में खत्म हो जाएगा लेकिन 11वें ओवर से वह भी स्लो खेलने लगे। इस दौरान प्रोटियाज टीम ने डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट गंवाया लेकिन बचा हुआ काम मार्करम ने डेविड मिलर के साथ मिलकर कर दिया और साउथ अफ्रीका को सुपर 8 में पहुंचा दिया।

मार्करम ने 44 गेंदों का सामना किया और 8 चौके-4 छक्कों की मदद से नाबाद 86 रन की पारी खेली, तो मिलर 17 गेंदों का सामना करने के बाद 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है तो न्यूजीलैंड के पास अभी भी अगले दौर में जाने का मौका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *