मां विन्ध्यवासिनी विवि की पहली परीक्षा संपन्न:तीन जिलों के 99 केंद्रों पर 37171 विद्यार्थी हुए शामिल, 20 नोडल केंद्र बने

मां विन्ध्यवासिनी विवि की पहली परीक्षा संपन्न:तीन जिलों के 99 केंद्रों पर 37171 विद्यार्थी हुए शामिल, 20 नोडल केंद्र बने

मिर्जापुर के मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिलों के महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025–26 की स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो गईं। इन परीक्षाओं में कुल 37,171 विद्यार्थी शामिल हुए। स्नातक स्तर की परीक्षाएँ 27 जनवरी से शुरू हुईं, जबकि परास्नातक स्तर की परीक्षाएँ 16 फरवरी से आयोजित की गई थीं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, तीनों जिलों में कुल 99 परीक्षा केंद्र और 20 नोडल केंद्र स्थापित किए गए थे। स्नातक स्तर पर 31,576 और परास्नातक स्तर पर 5,595 परीक्षार्थियों ने इन परीक्षाओं में भाग लिया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षाओं के सफल आयोजन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने परीक्षा कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, संबद्ध महाविद्यालयों के प्रबंधकों, प्राचार्यों, केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, कक्ष निरीक्षकों और समस्त कर्मचारियों की उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग के लिए सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी परीक्षाएँ सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *