श्रावस्ती जनपद में जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। भिनगा क्षेत्र के भया पुरवा गांव के पास कार सवार हमलावरों ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पहले टक्कर मारी, फिर उन पर फायरिंग कर दी। इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान सिरसिया क्षेत्र की जोखवा चौकी अंतर्गत दुर्गापुर गांव निवासी सुनील दत्त और अर्जुन गोस्वामी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार हमलावर पहले से ही घात लगाए बैठे थे। जैसे ही सुनील दत्त और अर्जुन गोस्वामी मोटरसाइकिल से भिनगा से वापस वहां पहुंचे, आरोपियों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद हमलावरों ने उन पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है दोनों खतरे से बाहर है। प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सुनील दत्त अपने साथी अर्जुन गोस्वामी के साथ भिनगा न्यायालय गए थे। न्यायालय से वापस लौटते समय उन पर हमला हुआ। सुनील दत्त का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है, जिसका मामला उनके हक में निस्तारित भी हो चुका है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


