संतकबीरनगर जिले के कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक इंटर कॉलेज के सामने दो गुटों के बीच मारपीट के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भदाह चौराहे पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक कार से उतरा और कमर से पिस्टल निकालकर बुलेट बाइक पर बैठे युवक पर एक राउंड फायर कर दिया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया रहा है। फुटेज में काले रंग की हाफ टी-शर्ट और हवाई चप्पल पहने एक युवक वाहन से उतरकर फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कृष्णा यादव, शेषनाथ तिवारी, प्रेम प्रकाश सिंह, हरिओम पासवान और विपिन भारती को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ का आपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है, जबकि अन्य के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के आरइल गांव निवासी प्रियांशु दुबे, जो खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के गोरखल में किराए पर रहता है, से विवाद की बात सामने आई है। वह किसी परिचित को परीक्षा दिलाने गया था, इसी दौरान उसे घेरकर फायरिंग की गई। घटना के पीछे आपसी रंजिश या पूर्व विवाद की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी जेपी दुबे ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है।


