जौनपुर में बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुआहीं स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल पर एक बार फिर शनिवार की रात में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। बाइक सवार नकाबपोश हमलावर स्कूल गेट पर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना से स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सुनील कुमार तिवारी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला एसओजी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल परिसर और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही स्कूल गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 27 जनवरी की रात में भी हुई थी फायरिंग गौरतलब है कि 27 जनवरी की रात को भी इसी स्कूल के गेट पर फायरिंग की घटना हुई थी। करीब 20 दिन के भीतर दूसरी वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूल और आसपास के क्षेत्र में स्थायी पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


