इंदौर के पालदा इलाके में बुधवार दोपहर पेस्ट कंट्रोल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक बोहरा कारोबारी की फैक्ट्री में आग भड़की। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और कच्चा माल रखा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। पार्षद और लोगों ने किया रेस्क्यू घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद कुणाल सोलंकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के दौरान कुछ मजदूर अंदर फंस गए थे। पार्षद और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस और अन्य राहत टीमें भी मौके पर पहुंच गई थीं। आग की चपेट में आने से कुछ मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। भंवरकुआ में भी एक्टिवा में लगी आग वहीं, शहर के भंवरकुआ इलाके स्थित आईटी पार्क में भी एक एक्टिवा में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।


