मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के थानम गांव के मटिया टोला में रविवार को एक कच्चे मकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब आठ कमरों का पूरा मकान जलकर खाक हो गया। यह मकान कतनु सिंह का बताया जा रहा है। घटना के समय घर में केवल एक वृद्ध महिला मौजूद थी। आग लगते ही महिला किसी तरह बाहर निकली और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही निवास पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की तीव्रता को देखते हुए मंडला और बरेला से भी दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक पूरा मकान और घर का सामान नष्ट हो चुका था। पुलिस बल और दमकलों ने संभाला मोर्चा निवास थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मकान काफी बड़ा होने के कारण आग बुझाने में समय लगा, इसलिए मंडला और बरेला से भी दमकल वाहन बुलाए गए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


