एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा तुरियाबेड़ा में एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में घर का अधिकांश हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य काम पर गए हुए थे, जबकि महिलाएं और बच्चे अंदर मौजूद थे। अचानक कमरे से धुआं उठता देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे। शादी में मिले सामान सहित फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स जलकर राख आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया। पिछले महीने हुई शादी में मिले कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गईं। परिजनों ने बताया कि लपटें इतनी तेज थीं कि वे घर से कोई सामान बाहर नहीं निकाल सके। देखते ही देखते मेहनत की कमाई और नए गृहस्थी के सपने राख में तब्दील हो गए। परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया काबू, मुआवजे की मांग घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाल्टी और पाइप की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते राहत नहीं मिली तो परिवार के सामने पुनर्वास की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।


