सीतापुर में गांव में लगी आग, 4 घर जले:लाखों की संपत्ति खाक, ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू

सीतापुर में गांव में लगी आग, 4 घर जले:लाखों की संपत्ति खाक, ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू

सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बगस्ती के मजरे दशरथ पुरवा में रविवार सुबह भीषण आग लगने से चार परिवारों के घर और उनकी सारी गृहस्थी जलकर राख हो गए। इस हादसे में पीड़ित परिवारों की पूरी गृहस्थी, खाद्यान्न और नकदी जलकर नष्ट हो गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए। जानकारी के अनुसार रविवार को अचानक गांव में आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के कच्चे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आकर मनोहर पुत्र शिवचरण, प्रेमा देवी पत्नी पृथ्वीराज, संगीता पत्नी उमेश चौहान तथा संदीप पुत्र पृथ्वीराज के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा सामान बाहर निकालने का भी मौका नहीं मिल सका। आग लगने से घरों में रखा गेहूं, दाल, चावल, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू सामान के साथ करीब चार हजार रुपये नकद भी जलकर नष्ट हो गए। आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे अन्य घरों को बचा लिया गया। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कानूनगो अशोक शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों के हुए नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *