खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर से घर में भड़की आग, मकान मालिक गंभीर घायल

खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर से घर में भड़की आग, मकान मालिक गंभीर घायल

Gas Cylinder Fire: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के कस्बा दिगौड़ा में किले के मैदान के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मकान में भीषण आग लग गई। मकान में गैस सिलेंडर में आग लगी और देखते ही देखते इतनी तेजी से फैली कि पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया। घर में आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में मकान मालिक बली रैकवार गंभीर रूप से झुलस गया है जिसे गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

गैस सिलेंडर से भड़की आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस घर में आग लगी वो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा रैकवार का है। घटना के वक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति बली रैकवार घर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन इस कोशिश में वो खुद आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घर में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तो वहीं पुलिस टीम ने आरक्षक रामकुमार, पायलट अभिषेक राय और एनआरएस आकाश अहिरवार की मदद से घायल मकान मालिक बली रैकवार को 112 वाहन के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलने पर लिधौरा से पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के पायलट मनोज नापित और वृंदावन रजक ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक आग बुझाई गई तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। यह हादसा अचानक हुई गैस सिलेंडर की आग के कारण हुआ। जिससे एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा और मकान मालिक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *