उमरिया जिले के नौरोजाबाद स्थित पीपल चौक चौराहे पर सोमवार को प्रसिद्ध पोपट समोसे की दुकान में अचानक आग लग गई। इस दौरान दुकान पर मौजूद ग्राहक जान बचाकर भागे। बताया जा रहा है कि समोसे तैयार करने के दौरान आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान क्षेत्र में भीड़भाड़ होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, पीपल चौक में स्थित पोपट समोसे की दुकान काफी प्रसिद्ध है और यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ रहती है। आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित रहा। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


