लुधियाना | महानगर के सबसे व्यस्त इलाके दाल बाजार स्थित बदीया मोहल्ले में वीरवार सुबह करीब 9:30 बजे एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में घर में अकेले मौजूद एक बुजुर्ग की जिंदा जलने से मौत हो गई। पुलिस प्रशासन ने मृतक की पहचान चरणजीत शर्मा (68 वर्ष) के रूप में की है। मृतक अपनी पत्नी के साथ उक्त घर में रहता था। वारदात के समय वे स्कूल में गई थी। उनकी तीन विवाहित बेटियां हैं। जो कि शादी के बाद से ही अलग-अलग जगह रहती है। चरणजीत काफी समय से बीमार रहने की वजह से वे ज्यादातर घर में ही रहता था। 12 लंबी पाइपें जोड़कर फायर टेंडर्स ने पानी पहुंचाया प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वीरवार सुबह अचानक मकान से काले धुएं के गुबार उठने लगे। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। संकरा व रिहाइशी इलाका होने के कारण दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तंग गलियों की वजह से फायर ब्रिगेड भीतर तक नहीं जा सकीं। फायर टेंडर्स ने मुख्य सड़क से करीब 12 लंबी पाइपें जोड़कर पानी पहुंचाया और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत और घंटों चले ऑपरेशन के बाद जब मलबे की तलाशी ली गई तो घटनास्थल से एक झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। हैरानी इस बात की है कि प्रशासन द्वारा संकरे इलाकों में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए लगाया गया फायर हाईड्रेंट घटना स्थल के पास होने के बावजूद सुचारू अवस्था में नहीं था।


