बाराबंकी जनपद के सूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के अब्दुलपुर मजरे मौसंडी गांव में बुधवार शाम एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। डीके शिक्षा निकेतन के बाहर स्थित यह दुकान रामलोटन वर्मा पुत्र संतु की है। बुधवार शाम करीब सात बजे रामलोटन अपनी दुकान में खाना बना रहे थे। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए अपने घर चले गए। जब वह वापस लौटे, तो दुकान आग की लपटों से घिरी हुई थी। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास के लोग भी सहम गए। आग की भयावहता देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर ब्रिगेड को कई बार सूचना दी गई, लेकिन टीम घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान है कि खाना बनाते समय चूल्हे या गैस से निकली चिंगारी से आग लगी होगी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आग से दुकान के अंदर रखा राशन, किराना सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित दुकानदार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।


