रायबरेली में ऊंचाहार में अग्नि हादसा:चाय की दुकान से उठी आग ने गुमटी समेत स्क्रैप गोदाम को किया राख, दमकल ने दो घंटे में पाया काबू

रायबरेली में ऊंचाहार में अग्नि हादसा:चाय की दुकान से उठी आग ने गुमटी समेत स्क्रैप गोदाम को किया राख, दमकल ने दो घंटे में पाया काबू

रायबरेली के ऊंचाहार कस्बे में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। खरौली रोड स्थित सरायें मोहल्ले में एक चाय की दुकान से शुरू हुई आग ने पास की पान की गुमटी और एक बड़े स्क्रैप गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। सरायें मोहल्ला निवासी माशूक अली खरौली रोड पर अपनी चाय की दुकान चलाते हैं। शनिवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रविवार भोर में अचानक उनकी दुकान से लपटें उठने लगीं, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग ने तुरंत पड़ोस में स्थित मोईन अहमद की पान की गुमटी और मोहम्मद रिजवान के स्क्रैप गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। पान दुकानदार मोईन अहमद ने बताया कि उन्हें फोन पर आग की सूचना मिली थी। उनकी दुकान में रखा सिगरेट, बीड़ी और पान मसाले का करीब 25 हजार रुपये का सामान जल गया। चाय दुकानदार माशूक अली के अनुसार, उन्हें लगभग 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक तबाही मोहम्मद रिजवान के स्क्रैप गोदाम में हुई, जहां प्लास्टिक और अन्य कबाड़ सहित 1 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। एनटीपीसी फायर सर्विस के सब-इंस्पेक्टर बृजलाल ने बताया कि सूचना मिलते ही एनटीपीसी प्रबंधन से अनुमति लेकर उनकी टीम मौके पर पहुंची। एनटीपीसी और स्टेट फायर सर्विस की गाड़ियों ने संयुक्त अभियान चलाया। दमकल कर्मियों की करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे आग आसपास के रिहायशी मकानों तक नहीं फैल पाई और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। इस अग्निकांड से प्रभावित गरीब दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *