पानीपत में सेक्टर-25 पार्ट-2 की एक फैक्ट्री में शुक्रवार को लगी आग में कर्मचारी की जलने से हुई मौत के मामले में फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। मृतक के भाई त्रिलोक ने हादसे के लिए मालिक को ही जिम्मेदार ठहराया। थाना चांदनी बाग पुलिस अब आगे की जांच में लगी है। जानकरी अनुसार, हादसा ‘गोल्डन टेरी टॉवल’ फैक्ट्री में हुआ है। फैक्ट्री में आग लगने से ड्यूटी पर तैनात 37 वर्षीय सुपरवाइजर की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार (37), निवासी गांव पांची जाटान, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। प्रवीण पिछले एक साल से सेक्टर-25 स्थित गोल्डन टेरी टॉवल कंपनी (प्लॉट नंबर 170) में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार, 9 जनवरी को फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से प्रवीण बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तुरंत पानीपत के सत्यम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉड डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया। परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप मृतक के भाई त्रिलोक ने थाना चांदनी बाग पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि फैक्ट्री मालिक की घोर लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई है। पुलिस की कार्रवाई सत्यम अस्पताल से सूचना मिलने के बाद ASI विकास और ASI सुनील की टीम मौके पर पहुची। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की। थाना चांदनी बाग पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब आग की घटना की जांच कर रही है।


