कपूरथला के गांव बिहारीपुर में एक व्यक्ति पर हमला कर घायल करने के आरोप में दो महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना सदर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत यह एफआईआर दर्ज की है। जांच अधिकारी एएसआई आलमजीत सिंह ने बताया कि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को दिए बयान में गांव बिहारीपुर निवासी बलवीर सिंह ने बताया कि बीते दिन गांव की संगत शहीद बाबा दल सिंह जी का शहीदी दिवस मना रही थी। गुरुद्वारा साहिब की रसोई में रख रहे थे राशन शाम करीब 6 बजे बलवीर सिंह, गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रतन सिंह और अन्य कमेटी सदस्य लंगर के बर्तन व सूखा राशन रसोई में रख रहे थे। तभी रणजीत सिंह, लखवीर सिंह, मलविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, रणजीत कौर और परमजीत कौर, सभी निवासी गांव बिहारीपुर, अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ वहां आ गए। उनके हाथों में तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने आते ही बलवीर सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बलवीर सिंह के बयान और अस्पताल की एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) के आधार पर दो महिलाओं सहित छह आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


