राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित अवध जिमखाना क्लब में होली मिलन समारोह आयोजित किया । यह कार्यक्रम अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश, युवा उद्योग व्यापार मंडल और महिला इकाई के पदाधिकारी की ओर से किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य अतिथियों की बड़ी भागीदारी रही। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल किशोर थे। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने किया। यह पर्व आपसी रिश्तों को मजबूत करता है मुख्य अतिथि सुरेश खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि होली का त्योहार देश को एकजुट करता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व आपसी मतभेद भुलाकर नए रिश्तों को मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने का संदेश देता है।आरएसएस के अवध प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने होली को समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर जाति और वर्ग के भेदों को मिटाकर सभी को एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का मौका देता है। भारतीय नववर्ष को उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने भारतीय नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फाल्गुन माह के बाद चैत्र मास से भारतीय नववर्ष की शुरुआत होती है और चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से विक्रम संवत 2083 का आरंभ होगा। इसी दिन नवरात्रि और चेटीचंद जैसे पर्व भी मनाए जाते हैं। उन्होंने सभी से भारतीय नववर्ष को उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बच्चों के लिए नृत्य, गायन और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता और गायन प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए केसरिया साड़ी और गायन प्रतियोगिता तथा युगल प्रतियोगिताएं भी हुईं। हास्य कवि अमित अनपढ़ ने अपनी कविताओं से समां बांधा। फूलों की होली ने वातावरण को वृंदावन जैसा बना दिया। इस अवसर पर तीन भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया गया ।


