पटियाला में रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल की गई। इस दौरान उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तैयारियों का जायजा लिया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पटियाला के पोलो मैदान में आयोजित होगा। इस वर्ष जिला पटियाला में गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस होंगे। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें पंजाब सरकार की प्रमुख उपलब्धियां और योजनाएं प्रदर्शित होंगी। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य कार्ड बनाने से संबंधित जानकारी भी लोगों के साथ साझा की जाएगी। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि पटियाला पुलिस गणतंत्र दिवस के लिए हाईअलर्ट पर है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत बाहरी नाकाबंदी, जिला और शहर की सीमाओं पर विशेष चौकसी, तथा आयोजन स्थल के आसपास नाकेबंदी की जाएगी। होटलों, धर्मशालाओं, पार्किंग स्थलों, मोटरसाइकिलों और सरकारी भवनों की चेकिंग जारी है, और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 2000 से अधिक पटियाला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। फुट पेट्रोलिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है और इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी या व्यवधान पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस शांतिपूर्ण और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। यहां देखिए फोटो…


