धनबाद में फिल्मी अंदाज में डकैती:10 अपराधी सीढ़ियों से घर में घुसे, बच्चों को कब्जे में लिया, रिटायर्ड हवलदार के घर मचाई लूट

धनबाद में फिल्मी अंदाज में डकैती:10 अपराधी सीढ़ियों से घर में घुसे, बच्चों को कब्जे में लिया, रिटायर्ड हवलदार के घर मचाई लूट

धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीडीह मोड़ पर सोमवार देर रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आर्मी से रिटायर्ड हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में पूरी घटना को अंजाम दिया। बदमाश घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े। फिर अंदर दाखिल हो गए। घर में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के सहम जाने के कारण परिवार के अन्य सदस्य भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। अपराधियों का दुस्साहस इस कदर था कि उन्होंने करीब एक घंटे तक घर में बेखौफ होकर उत्पात मचाया। हर कमरे की ली तलाशी, साथ ले गए CCTV का DVR डकैतों ने घर के हर कमरे को खंगाला और कीमती सामान को अपने कब्जे में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, अपराधी करीब साढ़े तीन लाख रुपए नकद और लगभग बीस लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने अपने पीछे कोई सबूत न छूटे, इसके लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी साथ ले गए। इस पूरी वारदात में अपराधियों की प्लानिंग और तैयारी साफ तौर पर दिखाई दी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पहले से घर की रेकी की थी। घटना के दौरान परिवार पूरी तरह सहमा रहा और किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। नशीला पदार्थ सुंघाने की आशंका, पुलिस की देरी पर सवाल गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे, लेकिन इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली। उन्होंने आशंका जताई कि बदमाशों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया होगा। घटना की जानकारी परिजनों ने रात करीब 2 बजे पुलिस को दी, लेकिन पुलिस सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *