आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस रोककर मारपीट, VIDEO:दबंगों ने 100 किमी पीछा कर ड्राइवर-कंडक्टर को पीटा, आधे घंटे की तोड़फोड़

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस रोककर मारपीट, VIDEO:दबंगों ने 100 किमी पीछा कर ड्राइवर-कंडक्टर को पीटा, आधे घंटे की तोड़फोड़

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि एक चलती बस को रोककर उसके ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की गई। यह घटना उन्नाव के बेहटा मुज़ावर थाना क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास हुई। कार सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, लखनऊ से दिल्ली जा रही यह बस लखनऊ में दो यात्रियों का इंतजार करते हुए करीब 10 मिनट रुकी थी। इसी बात से पीछे चल रही एक कार में सवार लोग नाराज हो गए। आरोप है कि कार सवारों ने बस का लगभग 100 किलोमीटर तक पीछा किया। एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 241 के पास हवाई पट्टी के नजदीक आरोपियों ने अपनी कार बस के आगे लगाकर उसे जबरन रोक लिया। बस रुकते ही कार सवार लोग नीचे उतरे और ड्राइवर बबलू (48) तथा कंडक्टर राजेश (40) पर हमला कर दिया। उन्हें लात-घूंसे और डंडों से पीटा गया। पहले 2 तस्वीरें देखिए… बस में सवार एक यात्री ने जब घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उसे भी धमकाया। करीब आधे घंटे तक बस में तोड़फोड़ और मारपीट जारी रही। इस हमले में बागपत के शुरूरपुर कला गांव निवासी ड्राइवर बबलू और इटावा के बेरौड़ी गांव निवासी कंडक्टर राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतनी देर तक उत्पात के बावजूद कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। बाद में सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस ने मौके से फरार कार सवार आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना बेहटा मुज़ावर प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *