कौशांबी के कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गढ़ी गांव में मंगलवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे के घर पर चढ़कर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कैसे एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित नूर आलम पुत्र किफायत उल्लाह को गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी असमा परवीन और भाई की पत्नी शीबा बानो को भी चोटें लगी हैं। नूर आलम का एक दांत टूट गया है और उनके चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। नूर आलम ने बताया कि उनका खलील उल्लाह पुत्र शहीद उल्लाह से लगभग एक वर्ष से ज़मीनी विवाद चल रहा है। पहले सुलह-समझौता भी हुआ था, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खलील उल्लाह पक्ष के लगभग दर्जन भर लोगों ने उनके घर पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नूर आलम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें खलील उल्लाह, मोहम्मद सोहेल, किताब उल्लाह, मोहम्मद अलताब, मोहम्मद शोएब, असद उल्ला, मोहम्मद इन्केलाब उर्फ सप्पू, जुबैर अहमद और मोहम्मद औसान शामिल हैं। थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडे ने बताया -जमीन के विवाद में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है और घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।


