बाराबंकी में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बंकी स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। कतार में आगे-पीछे होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। बंकी स्थित अमित गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि एजेंसी पर लगे उपभोक्ताओं की कतार में आगे-पीछे होने को लेकर अब्दुल और मनीष कुमार के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के करीब 6.75 लाख उपभोक्ता हैं। इनकी आपूर्ति के लिए लगभग 235 गैस एजेंसियां संचालित हैं। एजेंसियों का दावा है कि प्रतिदिन 17 हजार से अधिक सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि हफ्तों पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एलपीजी की इस कमी का असर छोटे कारोबारियों पर भी पड़ने लगा है। जिले के कई छोटे होटल और रेस्टोरेंट गैस की कमी के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उनके अनुसार, अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में घबराहट बढ़ गई है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि पर्याप्त आपूर्ति के दावों के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे एजेंसियों के बाहर भीड़ और तनाव लगातार बढ़ रहा है।


