खेतों में भरा नहर का पानी:दमोह में किसान बोले- गेहूं की फसल बेकार; कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग

खेतों में भरा नहर का पानी:दमोह में किसान बोले- गेहूं की फसल बेकार; कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग

दमोह के अथाई गांव में बरपटी जलाशय की नहर खुलने से किसानों के खेतों में पानी भर गया। इससे उनकी गेहूं की फसल पानी में डूब गई है। शुक्रवार दोपहर किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग की। किसानों ने बताया कि अथाई गांव के पास स्थित बरपटी जलाशय में पानी भरा रहता है। बुधवार रात सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने नहर खोल दी, जिससे नहर का पानी उनके खेतों में घुस गया। किसानों ने मोटर पंप से पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी का दबाव इतना अधिक था कि खेत जलमग्न हो गए। किसान बोले- अफसर ध्यान नहीं देते किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग के अधिकारी उनकी समस्या पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने पहले भी विभाग से नहर न खोलने की गुहार लगाई थी। किसानों ने बताया कि नहर कई जगह से क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण आए दिन उनके खेतों में पानी भर जाता है। वे इस समस्या से काफी परेशान हैं। शुक्रवार को किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर के नाम आवेदन दिया। उन्होंने मांग की है कि उनकी बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिया जाए। जिम्मेदार सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने किसानों के ज्ञापन पर कहा कि वे मामले की जानकारी ले रहे हैं। अथाई गांव के सरपंच छोटेभाई वनस्वर्ती ने भी बताया कि वे कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से नहर को इस तरह न खोलने का अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *