अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव : वडोदरा के आकाश में दिखा रंगों का उत्सव

अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव : वडोदरा के आकाश में दिखा रंगों का उत्सव

नवलखी मैदान पर 18 देशों और भारत के 7 राज्यों के 160 पतंगबाजों ने उड़ाई आकर्षक पतंगें

वडोदरा. अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 के तहत मंगलवार को शहर नवलखी मैदान पर आकाश में रंगों का उत्सव दिखा।
गुजरात विधानसभा के मुख्य सचेतक बालकृष्ण शुक्ल और महापौर पिंकी सोनी ने सांसद डॉ. हेमांग जोशी की उपस्थिति में महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आकाश में उड़ती रंग-बिरंगी और कलात्मक पतंगों के साथ लोकसंस्कृति, परंपरा और उत्साह का संगम देखने को मिला। इस दौरान 18 देशों और भारत के 7 राज्यों के 160 पतंगबाजों ने आकर्षक पतंगें उड़ाई।

यूनेस्को की क्रिएटिव सिटी बनने की ओर अग्रसर वडोदरा शहर

देश-विदेश के पतंगबाजों का स्वागत करते हुए शुक्ल ने कहा कि ऐसे उत्सव भारत की संस्कृति और परंपरा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाते हैं। पिछले वर्ष गुजरात के गरबा को यूनेस्को में स्थान मिला है और वडोदरा शहर भी यूनेस्को की क्रिएटिव सिटी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जैसे वडोदरा का गरबा सराहा जाता है, वैसे ही पतंगोत्सव भी वडोदरा की पहचान बन रहा है।
महापौर ने कहा कि पतंगोत्सव विविधता में एकता और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की शिक्षा देता है। सांसद ने कहा कि ऐसे आयोजन वडोदरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक पहचान को और मजबूत करते हैं और देश-विदेश के लोगों से जुड़ाव बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, यूक्रेन, डेनमार्क, स्वीडन, रूस, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका सहित 18 देशों के 52 पतंगबाज और राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, सिक्किम, ओडिशा सहित 7 राज्यों के पतंगबाजों समेत कुल 160 पतंगबाजों ने आकाश में पतंगें उड़ाई।
पतंगबाजों ने विभिन्न आकार, रंग और कलात्मक डिजाइन वाली पतंगें उड़ाकर आकर्षक करतब दिखाए। ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र वाली आत्मनिर्भर भारत संदेश देती पतंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अंतरराष्ट्रीय पतंगबाजों ने ऊंधियू, जलेबी और चिक्की का स्वाद भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *