महिला चोर गिरोह पुलिस नाका तोड़ फरार:3 पुलिस मुलाजिम को किया हिट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू

महिला चोर गिरोह पुलिस नाका तोड़ फरार:3 पुलिस मुलाजिम को किया हिट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू

मोहाली के खरड़ बस स्टैंड के पास बीडीपीओ दफ्तर के सामने तीन कारों में सवार एक शातिर महिला गिरोह नाका तोड़कर फरार हो गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जबकि एक्टिवा सवार कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पहले चोर गिरोह ने पुलिस नाका तोड़ दिया। तीन स्विफ्ट कारों में सवार करीब 15 सदस्य फिल्मी स्टाइल में फरार हो गए। भागने के क्रम में आरोपियों ने सामने खड़े पुलिसकर्मियों को ही उड़ा दिया। हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह की टांग में फ्रैक्चर आया है। इसके अलावा हेड कांस्टेबल लखविंदर सिंह और हेड कांस्टेबल परविंदर सिंह भी घायल हुए हैं। एक्टिवा सवार राहगीर कुलदीप सिंह का घुटना टूट गया। सभी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल खरड़ में चल रहा है। सिटी खरड़ के एसएचओ अमरिंदर सिंह ने बताया कि एएसआई बविंदर कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक महिला चोर गिरोह तीन कारों में सवार होकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इस गिरोह की महिला सदस्य अक्सर भीड़भाड़ वाली बसों में चढ़कर सवारियों से धक्का-मुक्की कर सोने के गहने चुरा लेती हैं और बस चलने से पहले ही उतरकर बाहर खड़ी अपने साथी कार चालक की कार में सवार होकर फरार हो जाती हैं। खरड़ शहर में ऐसी कई वारदातें पहले भी हो चुकी हैं। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खरड़ बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की। पुलिस ने बताए गए कार नंबर और उसके पीछे आ रही दो अन्य कारों को रोकने का प्रयास किया। हालांकि कार चालकों ने रुकने के बजाय पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। इस अफरा-तफरी में तीनों कार चालकों ने पुलिसकर्मियों और कई सार्वजनिक वाहनों को टक्कर मारी, जिससे एक्टिवा सवार कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *