उदयपुर के पुराने शहर में ऑटो पार्किंग को लेकर जोरदार हंगामा हो गया। गड़िया देवरा इलाके में एक महिला ऑटो ड्राइवर और दुकानदार के बीच बीच सड़क पर ही जूतम-पैजार शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और हाथापाई हुई। गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सारा विवाद ऑटो खड़ा करने की जगह को लेकर शुरू हुआ था। महिला ऑटो ड्राइवर और दुकानदार के बीच पहले तो मामूली कहासुनी हुई, लेकिन दुकानदार द्वारा अपशब्द कहे जाने पर मामला हिंसक हो गया। दुकानदार की बातों से नाराज होकर महिला ऑटो ड्राइवर हाथ में डंडा लेकर सीधे दुकान के अंदर घुस गई। इसके बाद दुकानदार ने भी महिला पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने जब यह नजारा देखा तो तुरंत बीच-बचाव करने पहुंचे। लोगों ने बड़ी मुश्किल से महिला को बचाया और मामला शांत करवाया। इस बीच गुस्से में आए कुछ लोगों ने दुकानदार की धुनाई भी कर दी। इस पूरे हंगामे की वजह से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही और तनाव का माहौल बन गया। मामला बढ़ता देख महिला ड्राइवर पुष्पा तुरंत घंटाघर थाने पहुंची और दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घंटाघर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी दुकानदार को डिटेन कर लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और आसपास के दुकानदारों के बयानों के आधार पर पूरे विवाद को समझने की कोशिश कर रही है। दुकानदार यशवंत वैष्णव का आरोप है कि महिला ड्राइवर पुष्पा रोजाना उसकी दुकान के ठीक सामने अपना ऑटो लाकर खड़ा कर देती है। यशवंत का कहना है कि जब भी उसे ऑटो हटाने के लिए टोका जाता है, तो वह झगड़ा करने पर उतारू हो जाती है और आए दिन इसी तरह विवाद करती है। वहीं, महिला ड्राइवर पुष्पा का कहना है कि दुकानदार जानबूझकर उसे परेशान करता है। पुष्पा का आरोप है कि वह पार्किंग के नाम पर रोजाना उससे उलझता है और बात-बात में गाली-गलौच करने लग जाता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


