होली की मिठास में मिलावट का डर… खरीदने से पहले हो जाएं सावधान, FSDA का छापा, डोमिनोज समेत कई बड़े नाम रडार पर

होली की मिठास में मिलावट का डर… खरीदने से पहले हो जाएं सावधान, FSDA का छापा, डोमिनोज समेत कई बड़े नाम रडार पर

बरेली। होली से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में हड़कंप मचा दिया। मिठाई की दुकानों से लेकर किराना स्टोर और बड़े ब्रांड आउटलेट तक टीम ने ताबड़तोड़ छापे मारे और सात खाद्य पदार्थों के नमूने भर लिए। त्योहार के मौके पर मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।

मिठाई और तेल की दुकानों पर सख्ती

कार्रवाई के दौरान सुभाषनगर बदायूं रोड स्थित राज स्वीट्स से कचौड़ी, इंद्रानगर की पाल आटा चक्की से सरसों का तेल और साहूकारा के एक मिल्क बार से खोया का नमूना लिया गया। तुलाशेरपुर के किराना स्टोर से नमकीन मठरी और इज्जतनगर के एक प्रतिष्ठान से पनीर भी जांच के लिए सील किया गया। दुकानदारों में टीम को देखकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। खाद्य विभाग की टीम डीडीपुरम स्थित Dominos Pizza आउटलेट तक पहुंची, जहां से पनीर और पिज्जा के नमूने भरे गए। साफ संदेश दिया गया कि मिलावट या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे दुकान छोटी हो या बड़ी।

रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

सभी नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए सख्त निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ मिलना हमारी जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *