Death of Newborn: झांसी में प्राइवेट अस्पताल के ऊपर पिता ने गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनके 12 दिन के नवजात शिशु की मौत हुई है, जो काफी मन्नतों के बाद उन्हें प्राप्त हुआ था। प्राइवेट हॉस्पिटल में ऑपरेशन से पुत्र का जन्म हुआ था। अस्पताल कर्मियों की घोर लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से डॉक्टर ने बताया कि लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला उल्दन क्षेत्र का है।
9 फरवरी को ऑपरेशन से हुआ था जन्म
उत्तर प्रदेश के झांसी के उल्दन निवासी शिवम अहिरवार ने बताया कि काफी मन्नतों के बाद 9 फरवरी को उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई थी। ऑपरेशन के बाद पुत्र का जन्म हुआ था। बीमारी के कारण 17 फरवरी को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीते 21 फरवरी को अस्पताल कर्मियों की लापरवाही के कारण उनके बेटे की दुखद मौत हो गई। उनके सामने उनका बेटा तड़प रहा था, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया। नवजात बच्चे का ऑक्सीजन मास्क निकल गया था। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से शिकायत
शिवम अहिरवार ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। निजी अस्पताल की तरफ से डॉक्टर प्रमोद गुप्ता ने बताया कि लापरवाही का आरोप झूठा है। अस्पताल कर्मियों की तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। बच्चों की हालत काफी गंभीर थी। मिली तो तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


