– हादसे में 7 जने दबे, मृतक के भाई का परिवार भी रहता था साथ
– जिले के सैंपऊ इलाके के गांव पडाका की घटना
धौलपुर. जिले के सैंपऊ क्षेत्र के गांव पडाका में सोमवार अल सुबह बड़ा हो गया। अचानक पक्का मकान ढहने से दो भाइयों के परिवार के करीब सात सदस्य मलबे में दब गए। मकान गिरने और दबे लोगों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग पहुंचे और दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान मलबे में दबने से देवी सिंह बघेल (32) पुत्र लाखन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी 10 वर्षीय किरण समेत एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक देवी सिंह बघेल व उसकी एक बेटी और बड़े भाई पवन की पत्नी सिया देवी और उसके चार बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। बड़ा भाई पवन मजदूरी करने बाहर रहता है। इस दौरान अचानक सुबह मकान के दो कमरे भरभरा कर ढह गए। मलबे में दबने से देवी सिंह की मौत हो गई जबकि बेटी व एक अन्य हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी सदस्यों को सकुशल बाहर निकलवाया। सूचना पर सैंपऊ प्रधान दुष्यंत बघेल व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। प्रधान समेत अन्य ने परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया जा रहा है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी की छह माह पहले ही मौत हो चुकी है।


