शहर कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर महनवा गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पड़ोसियों से चल रहे विवाद और लगातार उत्पीड़न के चलते संजय कुमार मानसिक तनाव में थे। उनके बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जो अब मातम में बदल गईं। घटना दिल्ली–सहारनपुर रेलवे मार्ग पर हरचंदपुर रेलवे हाल्ट के पास की है। संजय कुमार ने अपने बेटे सुमित की शादी से ठीक 18 दिन पहले यह आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि संजय कुमार खेकड़ा में दुकान चलाते थे। उनके छोटे बेटे सुमित शर्मा गुरुग्राम में इंजीनियर हैं और उनकी शादी 15 फरवरी को होनी थी। शादी की तैयारियों के तहत घर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गाड़ी निकालने के लिए रैंप बनाया जा रहा था, जिस पर एक पड़ोसी ने आपत्ति जताई। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने मिलकर रैंप को तुड़वा दिया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद से संजय कुमार काफी परेशान रहने लगे थे। घटना वाले दिन वह प्रधान के यहां जाने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि हरचंदपुर रेलवे हाल्ट के पास शामली से दिल्ली जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। मृतक के बेटे सुमित शर्मा ने पड़ोसियों और अन्य लोगों पर पिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


