फतेहाबाद जिले की भट्टू पंचायत समिति की नई चेयरपर्सन 9 फरवरी को मिलेगी। इसके लिए राज्य चुनाव आयोग की ओर से 9 फरवरी को चुनाव का दिन निर्धारित कर दिया गया है। करीब सवा साल बाद पूर्व विधायक दुड़ाराम और बीजेपी समर्थक चेयरपर्सन मिलेगी। बता दें कि, 22 जनवरी को पंचायत समिति चेयरपर्सन ज्योति लूणा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर सदस्यों ने उनको कुर्सी से हटा दिया था। उनके खिलाफ 21 में से 18 सदस्यों ने वोटिंग की थी। अनु सरबटा का चेयरपर्सन बनना तय पूर्व विधायक दुड़ाराम के समर्थन से वार्ड नंबर 5 से पंचायत समिति सदस्य अनु सरबटा का चेयरपर्सन बनना तय है। चेयरपर्सन की कुर्सी अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सदस्य के लिए आरक्षित है। इस वर्ग से केवल दो ही महिला सदस्य चुनी गई थी। इनमें अनु व ज्योति लूणा शामिल थी। ज्योति लूणा की खिलाफत के बाद अब अनु का कुर्सी पर बैठना तय है। जानिए…. कैसे बने नए समीकरण दरअसल, साल 2022 में हुए पंचायत चुनाव के बाद तत्कालीन भाजपा विधायक दुड़ाराम के समर्थन से वार्ड नंबर 14 से सदस्य ज्योति लूणा को चेयरपर्सन बनाया गया। उस समय ज्योति लूणा का परिवार दुड़ाराम का बेहद खास था। मगर विधानसभा चुनाव के दौरान ज्योति लूणा के परिवार ने दुड़ाराम से बगावत कर दी। इस चुनाव में दुड़ाराम 2252 वोटों से हार गए। इससे दुड़ाराम व उनके समर्थकों की ज्योति लूणा से नाराजगी बढ़ गई। वह उनको कुर्सी से हटाने के प्रयासों में जुट गए। ज्योति लूणा ने खुलकर दुड़ाराम पर क्षेत्र में विकास कार्य भी नहीं होने देने के आरोप लगाए। आखिरकार दुड़ाराम समर्थकों ने 22 जनवरी को ज्योति को कुर्सी से हटा दिया। चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी कर दिया है-बंसीलाल भट्टू पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन बंसीलाल भीगासरा ने बताया कि चुनाव आयोग ने 9 फरवरी को चुनाव करवाने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसका आधिकारिक पत्र हमें एक-दो दिन में मिलेगा। हम सभी समर्थक सदस्य अनु सरबटा को चेयरपर्सन बनाने की सहमति जता चुके हैं।


