फर्रुखनगर की आस्था ने जीता डांस रियलिटी शो का खिताब:चंडीगढ़ में हुआ कंपीटिशन, वापस लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

फर्रुखनगर की आस्था ने जीता डांस रियलिटी शो का खिताब:चंडीगढ़ में हुआ कंपीटिशन, वापस लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर की राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 12वीं कक्षा (विज्ञान संकाय) की छात्रा आस्था ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रतिष्ठित रियलिटी शो “किसमें कितना दम” का खिताब अपने नाम कर लिया है। रायत बाहरा विश्वविद्यालय (RBU) में आयोजित डांस प्रतियोगिता में आस्था ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय और फर्रुखनगर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आस्था एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता राजेंद्र सौदा बिजली विभाग में कच्चे कर्मचारी हैं, जबकि उनकी माता ममता देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, आस्था ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जीत के लिए मेहनत और आत्मविश्वास जरुरी : आस्था अपनी सफलता का श्रेय आस्था ने विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल जितेंद्र यादव को दिया, जिन्होंने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आस्था ने कहा, “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती, बस निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।” उन्होंने अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। आस्था की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। फर्रुखनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया और बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया गया। इलाके के प्रसिद्ध कवि सावन कुमार ‘नंदा’, पूर्व बैंक मैनेजर चौ. कुद्दूराम सैनी, समाजसेवी सोनू यादव, होशियार सैनी, धर्मेंद्र मांकडौला और किसान नेता राव मानसिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने आस्था को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शो के सीजन-12 के लिए प्रतिभाओं का चयन बता दें कि, किसमें कितना दम रियलिटी शो के सीजन-12 के लिए वर्ष 2026 में देशभर के विभिन्न राज्य महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से प्रतिभाओं का चयन किया जा रहा है। ऐसे में आस्था की यह जीत न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *