फर्रुखाबाद। जिले के मुबारिकपुर गांव में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक गुस्से और निराशा में आकर 132 केवी हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने खुद यूपी 112 पर कॉल कर सूचना दी कि वह टावर पर चढ़ चुका है और जान दे देगा। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर तुरंत पुलिस बल पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर निवासी रवि सोमवार देर शाम घर से करीब एक किलोमीटर दूर मूसाखिरिया गांव में लाखन सिंह के खेत में खड़े हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ते ही उसने पुलिस को फोन कर अपनी स्थिति बताई। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
पत्नी को बुलाने की जिद बनी हंगामे की वजह
रवि कुमार ने पुलिस और परिजनों से साफ कह दिया कि वह तभी नीचे उतरेगा जब उसकी पत्नी शबनम मौके पर आएगी। बताया गया कि रवि ने करीब एक वर्ष पहले मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के चिर्रा गांव निवासी शबनम से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही शबनम तीन महीने पहले अपने मायके चली गई थी और तब से वापस नहीं लौटी।सोमवार सुबह रवि खुद अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन मायके पक्ष ने उसे साथ भेजने से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। युवक की मां ममता देवी भी मौके पर पहुंचीं और बेटे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, भीड़ बनी तमाशबीन
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। करीब एक घंटे तक युवक टावर पर चढ़ा रहा और लगातार हंगामा करता रहा। स्थिति गंभीर होते देख पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान पुलिस और राहत टीम ने पूरी सावधानी बरती ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
मानसिक तनाव में उठाया खतरनाक कदम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाने को मजबूर हुआ। पुलिस का कहना है कि युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


