धौलपुर जिले में शनिवार शाम अचानक मौसम बदलने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। तेज आंधी और बारिश के कारण धौलपुर मंडी में खुले में रखा गेहूं और सरसों भीग गया, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति पहुंची। मंडी में अपनी फसल बेचने आए किसानों ने गेहूं और सरसों के कट्टे खुले में रखे थे। अचानक हुई तेज बारिश के कारण किसान अपने अनाज को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचा पाए और बड़ी मात्रा में फसल भीग गई। मंडी में तिरपाल उपलब्ध नहीं कराया गया
किसानों का आरोप है कि मंडी प्रशासन ने बारिश से बचाव के लिए कोई उचित इंतजाम नहीं किए थे। उनका कहना है कि सरकार ने बारिश के दौरान अनाज को सुरक्षित रखने के लिए लगभग 3 लाख रुपए का बजट तिरपाल (कवर) व्यवस्था के लिए दिया था, लेकिन इसके बावजूद मंडी में तिरपाल उपलब्ध नहीं कराई गई। किसानों ने किया प्रदर्शन
इस घटना के बाद मंडी में किसानों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने नुकसान की भरपाई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि यदि समय पर तिरपाल की व्यवस्था होती, तो उनका अनाज बारिश से बच सकता था। अब भीगे हुए अनाज के कारण उन्हें बाजार में उचित दाम मिलने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।


