संडीला तहसील क्षेत्र के मंगरा मजरा अटसालिया गांव निवासी मानवेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने यूपीपीसीएस 2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उन्हें डिप्टी जेलर के पद पर चयनित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मानवेंद्र एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता जितेंद्र सिंह भदौरिया खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, मानवेंद्र ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। बधाई देने वालों की लगी भीड़ उनके चयन की खबर गांव पहुंचते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। मानवेंद्र के चाचा और ग्राम प्रधान उपेंद्र सिंह ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मानवेंद्र की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। गांव के लोगों का मानना है कि मानवेंद्र ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे संडीला क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।


