जीरो आरडी पर किसानों का धरना जारी, वार्ता फिर बेनतीजा

जीरो आरडी पर किसानों का धरना जारी, वार्ता फिर बेनतीजा

मोहनगढ़ इंदिरा गांधी नहर के अंतिम छोर जीरो आरडी पर सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का बेमियादी धरना शुक्रवार को दसवें दिन भी जारी रहा। नहर विभाग के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता एक बार फिर ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी, हालांकि अधिकारियों ने 16 फरवरी तक पूरा पानी मिलने की संभावना जताई है। धरना स्थल पर जैसलमेर जोन के एडिशनल चीफ रामखिलाड़ी मीणा, एसई मधुसूदन, रेगुलेशन एक्सइएन कप्तान कुमार मीणा, टीएमसी एक्सईएन चैनाराम इणखिया तथा वाटर कोर्स एक्सईएन भाग्यशाली मीणा पहुंचे और किसान प्रतिनिधियों से वार्ता की।

अधिकारियों ने बताया कि बीकानेर की नहरों में दो दिन पानी रोका जा रहा है। जिसके चलते 16 तारीख तक कुछ पानी के मिलने की संभावना है। इस पर किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 16 फरवरी तक सिंचाई पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो 17 फरवरी से मोहनगढ़ कस्बे में चक्का जाम किया जाएगा। वार्ता के दौरान किसान नेता साहबान खां, लुंबाराम भांभू, भंवर सियाग, प्रभुराम ढाका, पूर्व सरपंच सुखदेव सिंह, बागाराम, पेमाराम, गणेश काकड़, कमलेश जानी, भैराराम सियाग, ईशान भाटी, बिरधा राम, मंगलाराम, रुपाराम, मूलाराम सियाग, केसराराम लुखा, साहबराम बिश्नोई, अजीज गोमटीया सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

किसानों का कहना है कि पिछले नौ दिनों से आश्वासन ही मिल रहे हैं, लेकिन खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि तय समय सीमा में पानी नहीं मिला तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *