कांकेर में जंगल की आग से घर जला:किसान का आशियाना राख, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

कांकेर में जंगल की आग से घर जला:किसान का आशियाना राख, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जंगल में लगी आग से एक किसान का घर जलकर राख हो गया है। यह घटना बांदे वन परिक्षेत्र के नीड़दे गांव में हुई, जहां आग की लपटें जंगल से फैलकर खेत में बने घर तक पहुंच गई। देखते ही देखते पूरा घर जलकर खाक हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त किसान अपने मक्का के खेत में खाद डालने गया था। घर में कोई मौजूद नहीं होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखे नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित परिवार में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। आग में करीब 15 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, बच्चों की मार्कशीट, गाड़ी के दस्तावेज सहित घर का अन्य सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जंगल में आग लगने की सूचना दिए जाने के बावजूद विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय पर कार्रवाई की जाती तो आग पर काबू पाया जा सकता था और किसान के घर को जलने से बचाया जा सकता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *